उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद से पति-पत्नी के संबंधों को झकझोर देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मामूली पारिवारिक झगड़े में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। विवाद की वजह मात्र मांस धोने को लेकर हुआ आपसी तनाव बताया गया है। महिला का शव गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक खेत में बरामद किया गया। इस दिल दहला देने वाले अपराध का सुराग घटनास्थल से मिले ब्लेड के रैपर से मिला।
घटना जामो थाना क्षेत्र के पूरब गौरा गांव की है, जहां 1 अगस्त को एक महिला का शव खेत में मिला था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मृतका की पहचान इलाइची देवी के रूप में हुई। प्रारंभ में मृतका के पति दादू मंगता द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। हालांकि, मामले की तह में जाते हुए पुलिस को घटनास्थल के पास से एक सेविंग ब्लेड का रैपर मिला, जिसने जांच की दिशा बदल दी।
दुकानदार के बयान से खुला राज
जांच के क्रम में पुलिस ने उस रैपर से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय दुकानों से पूछताछ की। गौरा चौराहे के दुकानदार सुशील ने बताया कि हाल ही में उन्होंने यही ब्रांड का ब्लेड दादू मंगता को पान के साथ बेचा था। यह जानकारी सामने आते ही पुलिस का शक गहराया।
इसी बीच मृतका के पड़ोसी धर्मेंद्र मंगता ने बताया कि घटना की रात उसने देखा था कि इलाइची देवी घर से बाहर जा रही थीं और उनके पीछे-पीछे दादू मंगता उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे थे। कुछ देर बाद दादू अकेले लौटे, जबकि पत्नी उनके साथ नहीं थीं।
कड़ी पूछताछ में टूटा आरोपी, स्वीकार किया अपराध
गवाहों के बयानों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने दादू मंगता से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और वह उसे अपमानित करती थी। 31 जुलाई की रात दोनों के बीच मीट धोने और पकाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद इलाइची घर छोड़कर चली गईं।
दादू उसके पीछे गया और उसे वापस चलने के लिए कहा, लेकिन इलाइची ने गालियां देना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अपने पास रखे ब्लेड से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी और वापस घर लौट आया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।