बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना धर्म टॉकीज के पास उस समय हुई जब 19 वर्षीय युवराज सिंह उर्फ यश सिंह, निवासी गोंहिया टोला, वहां मौजूद था। गोली जबड़े में लगने से युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉ. काजिम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बलिया जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, गोली जबड़े में फंसी हो सकती है, जिसके चलते सर्जिकल जांच की जरूरत है।
मौके से फरार हो गए हमलावर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात बैरिया कस्बा और रानीगंज बाजार के बीच हुई। बदमाश हथियार लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस स्थल निरीक्षण कर छानबीन कर रही है।
फिलहाल, हमलावरों की पहचान और हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।