समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया है। उन्होंने कहा कि जब तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में है, तब तक कानून व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। वे लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था पर बोला हमला

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है और शिक्षा व्यवस्था भी चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भूमाफिया की भूमिका अपना ली है। तालाबों और अन्य सरकारी जमीनों पर पार्टी नेताओं द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है।

आरएसएस और भाजपा पर तीखा प्रहार

सपा अध्यक्ष ने कहा कि आरएसएस उत्तर प्रदेश में नागपुर की तरह केंद्र बनाने की कोशिश कर रहा है। भाजपा समाज में भ्रम, झूठ और नफरत फैलाकर सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर लोकतंत्र की नींव को हिला रही है।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी सतर्कता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने विशेष रूप से मतदाता सूची पर ध्यान देने को कहा और दावा किया कि भाजपा चुनावी लाभ के लिए वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां कराती है।

बच्चों ने गुल्लक की राशि भेंट की

कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब गोरखपुर से आई कक्षा तीन की छात्रा रश्मिका यादव और कक्षा छह के छात्र राजेश यादव विक्की ने अपने गुल्लक की बचत की राशि अखिलेश यादव को भेंट की। उनके साथ उनकी मां शौर्य यादव भी उपस्थित थीं। अखिलेश यादव ने बच्चों के इस योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।