फिरोजाबाद। अभिनेता राजपाल यादव इस समय पुराने चेक बाउंस और कर्ज अदायगी के विवाद में फंसकर तिहाड़ जेल में हैं। इस मुश्किल घड़ी में फिरोजाबाद के ग्रामीण एएसपी अनुज चौधरी ने उनकी मदद के लिए आगे बढ़ते हुए 51 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि यह राशि वह अपने सैलरी अकाउंट से देंगे।

एएसपी अनुज चौधरी ने कहा, "राजपाल यादव जैसे कलाकारों ने हमें लंबे समय तक हंसाया और मुश्किल हालात में भी मुस्कुराने की वजह दी। ऐसे कलाकारों को कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।"

उन्होंने आगे बताया कि राशि चाहे बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार जो मदद कर सकते थे, वह देने का फैसला किया। उन्होंने कहा "राजपाल यादव की कॉमेडी से मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत प्रभावित हूँ। उन्होंने हमेशा लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई। इस समय मैं अपनी तरफ से सहयोग देना चाहता हूँ।"

अनुज चौधरी ने राजपाल यादव की एक बात का भी जिक्र किया, जिसने उन्हें काफी प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "उन्होंने कहा था कि जीवन का एक भी सेकंड व्यर्थ न गंवाएँ, क्योंकि वह समय कभी वापस नहीं आता। यह बात मेरे दिल को छू गई और मैं अक्सर इसके बारे में सोचता हूँ।"