फूलपुर के बाबूगंज में शनिवार को समाजवादी पार्टी द्वारा संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सत्ता में बैठी भाजपा संविधान की मर्यादाओं के अनुसार काम नहीं करना चाहती और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।
इस मौके पर ‘आरक्षण बचाओ, पीडीए मजबूत करो’ का नारा भी बुलंद किया गया। नरेश उत्तम ने कहा कि भाजपा सरकार संसद में पुलवामा, मतदाता सूची संशोधन, किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करने से बचती है। उन्होंने देश में पूंजीवादी ताकतों के बढ़ते दखल पर चिंता जताई और इसका समाधान समाजवादी विचारधारा को अपनाने में बताया। साथ ही, उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों को आत्मसात करने की जरूरत पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सहसों चौराहे पर छत्रपति शाहू जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। 26 जुलाई को समाजवादी पार्टी ने ‘संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस’ के रूप में मनाया। इस दिवस की पहली वर्षगांठ पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष का संकल्प दोहराया।
नरेश उत्तम ने कहा कि यह स्तंभ पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की एकता और मजबूती का प्रतीक बना रहेगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा आरएसएस के इशारे पर देश में धार्मिक तनाव फैलाकर सामाजिक सौहार्द को चोट पहुंचा रही है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता से सपा को समर्थन देने की अपील की।
इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, विधायक विजमा यादव (प्रतापपुर), विधायक हाकिम लाल बिंद (हंडिया), विधायक गीता शास्त्री (सोरांव), वकार अहमद, डॉ. परवेज अहमद, सुषमा पासी, संगीता पटेल और आशुतोष तिवारी सहित कई नेता उपस्थित रहे।