समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार प्राथमिक शिक्षा प्रणाली को जानबूझकर क्षति पहुंचा रही है और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल स्कूलों को बंद कर रही है, बल्कि इसके जरिए संविधान में निहित शिक्षा के अधिकार को भी कमजोर कर रही है।
अपने आधिकारिक बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा का अधिकार संविधान प्रदत्त है, और उसे छीना नहीं जा सकता। भाजपा की नीतियों से स्पष्ट है कि गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। जब स्कूल ही बंद कर दिए जाएंगे तो इन वर्गों के बच्चों को शिक्षा कहां से और कैसे मिलेगी?
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान शासन में किसी की सुनवाई नहीं हो रही है, यहां तक कि भाजपा के अपने नेताओं को भी न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने दावा किया कि एक हालिया घटनाक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री को भी सार्वजनिक रूप से फटकार झेलनी पड़ी।
फूलन देवी को समाजवादी पार्टी ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व सांसद फूलन देवी की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी ने उन्हें याद किया। प्रदेश मुख्यालय सहित सभी जिला कार्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष किया, और समाजवादी विचारधारा से जुड़कर उन्होंने नई पहचान पाई। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने उन्हें संसद पहुंचाकर नारी सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।