यूपी में कानून का बुलडोजर: 8 साल में 9,467 एनकाउंटर, 30 हजार अपराधी जेल में

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिला है। राज्य पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” नीति के तहत निरंतर कड़ी कार्रवाई की है, जिससे प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के अनुसार, वर्ष 2017 से अब तक पुलिस ने 14,973 ऑपरेशन के दौरान 30,694 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुठभेड़ों के दौरान आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में 9,467 अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जबकि 238 अपराधी मारे गए।

मेरठ जोन में सर्वाधिक कार्रवाई, हजारों अपराधी दबोचे गए

डीजीपी ने बताया कि सबसे ज्यादा गिरफ्तारी मेरठ जोन में की गई, जहां 7,969 अपराधियों को पकड़ा गया और 2,911 घायल हुए। इसके अलावा आगरा जोन में 5,529 अपराधियों को दबोचा गया और 741 को गोली लगी। बरेली जोन में 4,383 अपराधी गिरफ्तार हुए और 921 घायल हुए। वाराणसी जोन में भी 2,029 अपराधियों की गिरफ्तारी और 620 के घायल होने की जानकारी दी गई।

कमिश्नरेट क्षेत्रों में भी जारी है सख्ती

कमिश्नरेट सिस्टम लागू किए गए जिलों में भी कार्रवाई जारी है। गौतम बुद्ध नगर में सबसे अधिक 1,983 अपराधी गिरफ्तार किए गए, जिनमें से 1,180 को मुठभेड़ों में चोटें आईं। गाजियाबाद में 1,133 गिरफ्तारियां हुईं जबकि 686 घायल हुए। आगरा कमिश्नरेट में भी 1,060 अपराधी पकड़े गए और 271 घायल हुए।

योगी सरकार की सख्त नीति से मिली मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार में आते ही अपराध पर नकेल कसने को प्राथमिकता दी। उनका स्पष्ट संदेश था कि अपराधियों को या तो अपराध छोड़ना होगा या प्रदेश। सरकार ने पुलिस बल को अत्याधुनिक उपकरणों और बेहतर प्रशिक्षण से लैस किया, जिससे न केवल अपराध नियंत्रण में सफलता मिली, बल्कि पुलिस का मनोबल भी ऊंचा हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here