सपा नेता अखिलेश कुमार के आवास की बाउंड्री पर गरजा बुलडोजर

रामपुर। नगर पालिका, राजस्व प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार की सुबह राधा रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार के आवास की बाउंड्री समेत कई दुकानों और मकानों पर बने अवैध चबूतरे और छज्जे ध्वस्त कर दिए गए।

अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चला। इससे पहले माल गोदाम से बिलासपुर रोड तक अभियान चलाया गया था, जिसमें केवल एक साइड के अवैध कब्जे हटाए गए थे। दूसरी साइड के लोगों को पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन किसी ने अवैध निर्माण नहीं हटाया।

नगर पालिका के ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि रोड साइड पर सरकारी भूमि पर बने पक्के निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया। अभियान में मकानों के चबूतरे, जीने और छज्जे ध्वस्त किए गए। ध्वस्त हुई बाउंड्री सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार के मकान की थी।

यह कार्रवाई नगर में सरकारी भूमि की सुरक्षा और अवैध कब्जों को रोकने के उद्देश्य से की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here