बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली जिले को 22.64 अरब रुपये की लागत से जुड़ी 545 विकास परियोजनाएं समर्पित करेंगे। इनमें से 223 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जो या तो पूरी हो चुकी हैं या जनता को उनका लाभ मिलना शुरू हो गया है। इसके साथ ही 322 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित होगा, जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जलभराव वाले स्थल को समतल कर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई गई हैं और विभागों द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी स्टालों के सामने प्लाई शीट भी बिछाई गई है। यहां तीन रंगों से सुसज्जित आकर्षक पंडाल बनाया गया है, जिसमें कई विभागों की योजनाएं प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें निजी कंपनियों के प्रतिनिधि 6000 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगे।

मुख्यमंत्री सभा स्थल पहुंचने के बाद सबसे पहले विभागीय स्टालों का निरीक्षण करेंगे, फिर वह 545 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिलेंगे प्रतीकात्मक चेक व प्रमाण पत्र

उपायुक्त उद्योग विकास यादव के अनुसार, सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत 1,550 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है। इनमें से पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आजिविका मिशन की लखपति दीदियों, डूडा के पीएम आवास लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां, और शिक्षा विभाग के तीन होनहार खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, किसान दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को डमी चेक प्रदान किए जाएंगे।

इन विभागों के कार्यों का होगा शिलान्यास

विभागकार्यों की संख्यालागत (करोड़ रुपये)
ऊर्जा विभाग14199.64
जल निगम (ग्रामीण)30499.99
बरेली विकास प्राधिकरण09147.15
नगर निगम8966.06
पर्यटन विकास निगम1052.39
यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन0733.21
राज्य निर्माण सहकारी संघ023.20
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1022.86

लोकार्पण किए जाएंगे इन विभागों के कार्य

विभागकार्यों की संख्यालागत (करोड़ रुपये)
राज्य निर्माण सहकारी संघ034.22
नगर निगम055.46
बाढ़ खंड0929.85
यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन2212.61
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड0147.90
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड02301.66
पर्यटन विकास निगम058.16
जल निगम (ग्रामीण)138354.80
ऊर्जा विभाग32486.24

सभा स्थल को बांटा गया सात ज़ोन में, सीडीओ नोडल अधिकारी

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभा स्थल को सात जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सीडीओ देवयानी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी ब्लॉकों में जल व्यवस्था और आपातकालीन सूचना के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454417441 जारी किया गया है। एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने इस संबंध में प्रशासनिक निर्देश जारी किए हैं।

सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से करेंगे बैठक

मुख्यमंत्री बरेली आगमन के बाद सुबह 10:30 से 11:45 बजे तक सर्किट हाउस में मंडल के 28 जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह सभा स्थल पहुंचेंगे जहां मंच से प्रदर्शनी का अवलोकन, विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।

धर्मपाल सिंह करेंगे सीएम की अगवानी, अन्य मंत्री भी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री के त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचने पर उनकी अगवानी प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह करेंगे। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, और राज्य मंत्री जेपीएस राठौर भी मौजूद रहेंगे।