धर्मपाल सिंह का सपा पर हमला, कहा- मुस्लिम वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं अखिलेश


बरेली में शुक्रवार देर शाम सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए सपा प्रमुख किसी भी हद तक जा सकते हैं, लेकिन अपनी पत्नी के सम्मान की बात पर चुप्पी साधे रहते हैं।
उन्होंने सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए कहा कि नारी का सम्मान सर्वोपरि है, चाहे वह मां हो, बहन हो या पत्नी। इस मामले में सपा प्रमुख की चुप्पी चिंताजनक है।

विपक्ष को बताया दिशाहीन
मंत्री धर्मपाल सिंह ने संसद सत्र के दौरान विपक्षी दलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस जनहित का एजेंडा नहीं है, सिर्फ जनता को भ्रमित कर वोट हासिल करना उनका उद्देश्य रह गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है। भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है।

सपा शासन में कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में
सिंह ने सपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “सूप बोले तो बोले, छलनी क्या बोले?” सपा शासन में कानून नाम की कोई चीज़ नहीं थी। गुंडागर्दी आम थी, जहां मन आया, जमीन कब्जा कर ली गई, बहन-बेटियों का अपमान किया गया और लोगों को बेवजह पीटा गया।
वहीं, मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उन्होंने एक ऐसा नेता बताया, जिनकी छवि कानून के राज को स्थापित करने वाले शख्स के रूप में वैश्विक मंच पर बनी है।
उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भारी निवेश आया है। बरेली में तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं लाई गई हैं—गंगा शुगर मिल, एक हजार करोड़ की डेयरी इंडस्ट्री और एथेनॉल संयंत्र शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here