नई दिल्ली: बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की सनातन जोड़ो पदयात्रा का दिल्ली से आगाज हो गया है। पदयात्रा के दौरान ब्रज में कई प्रमुख संतों का जमावड़ा होगा। यात्रा के अंतिम दिन, 16 नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव के साथ बांकेबिहारी लाल के दर्शन करेंगे। उनके साथ अयोध्या, दिल्ली, चित्रकूट और ब्रज के अन्य संत भी मौजूद रहेंगे।

वृंदावन के प्रमुख संत आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने बताया कि इस पदयात्रा से धार्मिक अलख जगाने में मदद मिलेगी और ब्रज में इसका स्वागत युगों तक याद रखा जाएगा। संतों के अलावा इस बार अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव भी यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा बाबा रामदेव के आने की भी संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

वृंदावन में केवल पांच सौ लोगों को प्रवेश
प्रशासन ने वृंदावन में यात्रा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केवल पाँच सौ लोगों को मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी है। रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ अधिक होती है, इसलिए यात्रा में शामिल प्रमुख लोगों को ही बांकेबिहारी मंदिर आने की छूट दी गई है।

ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा का पूरा इंतजाम
ब्रज में यात्रा के आने के बाद हाईवे और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर रहे हैं। विभिन्न थानों के फोर्स तैनात किए जाएंगे और यात्रा के मार्गों पर यातायात का विशेष प्लान लागू किया जाएगा।