मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को अपने सरकारी आवास पर हुई बैठक में उन्होंने कहा कि बदलते समय और बढ़ते दायित्वों को ध्यान में रखते हुए होमगार्ड एनरोलमेंट नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाएं। उन्होंने समयबद्ध और पारदर्शी भर्ती सुनिश्चित करने के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की मदद से नया बोर्ड गठित करने का भी आदेश दिया। गौरतलब है कि पिछले साल सीएम ने होमगार्ड के 44 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा की थी।
सीएम ने होमगार्ड स्वयंसेवकों की कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती के बाद संगठन और अधिक प्रशिक्षित एवं सक्षम बनेगा। उन्होंने युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने और सेवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए पात्रता, परीक्षा और चयन प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता जताई। इसके तहत अधिकतम आयु 30 वर्ष करने और चयन में लिखित परीक्षा अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। पात्रता मानकों को वर्तमान समय के अनुसार अपडेट किया जाएगा और परीक्षण प्रणाली को मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 1,18,348 स्वीकृत पदों में से 71,155 स्वयंसेवक कार्यरत हैं। अगले 10 वर्षों में लगभग 38 हजार स्वयंसेवक सेवानिवृत्त होंगे, जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 51 प्रतिशत से अधिक स्वयंसेवक अभी भी सक्रिय हैं। ड्यूटी आवंटन, भत्तों का भुगतान, अनुग्रह राशि और पेंशन जैसी व्यवस्थाएं अब ऑनलाइन हैं। होमगार्ड मित्र मोबाइल एप ने कार्यप्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाया है। केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान और 12 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र प्रतिवर्ष 15 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने की क्षमता रखते हैं।