अयोध्या (खंडासा थाना क्षेत्र): खेत जोताई को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार की रात एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना कृष्णानंद पांडेय का पुरवा, मजरे डीली सरैया गांव की है। मृतक सचिन पांडेय (30) अपने निजी क्लीनिक में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सचिन का अपने सगे चाचा के बेटों और चाची के साथ खेत जोताई को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद सचिन क्लीनिक चले गए थे और रात को घर लौटे। घर से लघुशंका के लिए बाहर निकले तो चचेरे भाइयों ने उन पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिटाई में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

पत्नी और ग्रामीणों की मदद से सचिन को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सचिन की पत्नी और परिवारजन घटना से गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि उनकी शादी 2021 में हुई थी और अभी कोई संतान नहीं है। उनके पिता और भाई लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करते हैं और खबर पाकर घर लौट रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।