कासगंज तिरंगा रैली हत्याकांड का मुख्य आरोपी सलीम की जेल में मौत

उत्तर प्रदेश के कासगंज में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा रैली के दौरान हुए चंदन गुप्ता हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा मुख्य आरोपी सलीम मंगलवार रात लखनऊ जेल अस्पताल में बीमारी के चलते चल बसा। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन शव लेने लखनऊ रवाना हो गए।

जेल प्रशासन के मुताबिक सलीम काफी समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहा था और डायलिसिस पर था। इसी वजह से कुछ माह पहले उसे कासगंज से लखनऊ जेल स्थानांतरित किया गया था। बताया गया कि एक माह पहले ही वह पैरोल पर घर गया था। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम तक शव कासगंज पहुंचने की संभावना है।

2018 में तिरंगा यात्रा के दौरान हुई थी चंदन गुप्ता की हत्या
कासगंज में 26 जनवरी 2018 को निकली तिरंगा यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद और हिंसा भड़क गई थी। इसी दौरान अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन गुप्ता को गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में तनाव फैल गया और सात दिनों तक माहौल अशांत रहा। चंदन का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया था, जिसमें कई बीजेपी नेताओं ने भी शिरकत की थी।

अदालत का फैसला और सलीम की सजा
मामले की सुनवाई के बाद लखनऊ की विशेष एएनआई अदालत ने दो आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था, जबकि 28 आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई थी। इन्हीं में मुख्य आरोपी सलीम भी शामिल था, जिसे उम्रकैद मिली थी। अब उसकी जेल में मौत के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here