मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र के चिटौआ गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें नशे के आदी एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के दौरान अपने तीन साल के बेटे को घर की छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव निवासी राजबहादुर पुत्र बेचेलाल शराब का आदी बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले ही वह पत्नी को मायके से वापस घर लाया था। गुरुवार करीब दोपहर 2 बजे पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान राजबहादुर, पत्नी और बेटे ललित के साथ छत पर था। गुस्से में उसने मासूम ललित को छत से नीचे धक्का दे दिया।
छत से गिरते ही घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत बच्चे को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।