प्रेमिका से मिलने गया पीडब्ल्यूडी क्लर्क संदिग्ध हालात में मिला मृत, आत्महत्या या साजिश?

आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिलरियागंज कस्बे के निवासी 30 वर्षीय दीनदयाल यादव के रूप में हुई है, जो विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, दीनदयाल गुरुवार शाम अपने घर से निकले थे लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की पर कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार तड़के सैदपुर की एक महिला ने फोन कर उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें दीनदयाल अचेत अवस्था में मिला।

उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के चाचा ने महाराजगंज थाने में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है।

विवाहिता से चल रहा था प्रेम संबंध, आत्महत्या की आशंका भी

थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक का सैदपुर की एक विवाहिता से लंबे समय से प्रेम संबंध था। पूछताछ में महिला ने बताया कि गुरुवार को दीनदयाल उसके घर आया था और शराब के नशे में था। दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसने उसे घर से बाहर निकाल दिया।

महिला के अनुसार, रात करीब साढ़े तीन बजे दीनदयाल ने घर के पास ही फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारकर परशुरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के गले में फंदे के निशान मौजूद थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here