बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो बहनें मिट्टी लेने गई थीं, उनके ऊपर मिट्टी का ढ़ाँग गिर गया। हादसे में 12 वर्षीय प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।

सब्दलपुर गांव निवासी महिपाल सिंह यादव ने बताया कि उनकी पुत्रियां दीपावली की तैयारी के लिए घर की लिपाई में इस्तेमाल होने वाली मिट्टी लेने के लिए तालाब किनारे गई थीं। तभी अचानक मिट्टी का ढ़ाँग ढह गया और दोनों बहनों को दबा लिया।

परिजन और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। प्रियंका को बचाया नहीं जा सका और वह वहीं दम तोड़ गई। गंभीर रूप से घायल शिवानी को परिजनों ने तुरंत बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रियंका की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और उसे दफना दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।