यूपी विधानमंडल के दोनों सदनों में बुधवार दोपहर 11 बजे से 14 अगस्त दोपहर 11 बजे तक ‘यूपी 2047 विजन डॉक्यूमेंट’ पर विशेष चर्चा होगी। यह चर्चा लगातार 24 घंटे तक चलेगी, जिसमें मंत्रियों की उपस्थिति अनिवार्य रखने के लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार शाम 6 बजे से गुरुवार सुबह 11 बजे तक 28 मंत्रियों का रोस्टर जारी किया गया है, जिसमें सबसे ज्यादा 8 मंत्री तड़के तीन बजे से सुबह छह बजे तक सदन में रहेंगे।
शाम 6 बजे से सदन में मंत्रियों की अनिवार्य मौजूदगी का रोस्टर लागू होगा, जबकि उससे पहले अतिरिक्त मंत्री भी सदन में उपस्थित रहेंगे। यह अवधि छह शिफ्टों में विभाजित की गई है, जिनमें से एक शिफ्ट दो घंटे की और बाकी 3-3 घंटे की होंगी।
विधानसभा और विधान परिषद में 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से ‘विजन डॉक्यूमेंट-2047’ पर चर्चा शुरू होगी, जिसका विषय होगा—‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047’। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहले बोलेंगे।
इस चर्चा में सदन के सदस्य 2047 तक यूपी की दिशा, आवश्यक कार्यों और भविष्य की रूपरेखा पर अपने विचार साझा करेंगे। मंत्रियों के लिए भी वक्त निर्धारित किया गया है ताकि वे अपनी बात रख सकें।
वहीं, सपा ने इस चर्चा को लेकर अपनी रणनीति तैयार की है। सपा के विधायक आरके वर्मा ने कहा कि वे भाजपा के वादों पर सवाल उठाएंगे, जैसे काले धन की वापसी, हर खाते में 15 लाख रुपये, रोजगार के अवसर, नोटबंदी के फायदे और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने इसे अनावश्यक चर्चा बताया और कहा कि वे बुधवार सुबह 10 बजे बैठक कर अपनी रणनीति पर विचार करेंगे।