विजन डॉक्यूमेंट-2047: सुरेश खन्ना ने यूपी को सबसे विकसित राज्य बनाने का रोडमैप पेश किया

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ विजन डॉक्यूमेंट-2047 पर चर्चा शुरू हुई। संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में चर्चा का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि बिना सोच-विचार के कोई बड़ी उपलब्धि संभव नहीं है। उन्होंने शेर के माध्यम से चर्चा की शुरुआत की, “बड़ी मुश्किल से कोई सुबह मुस्कराती है, गम की रात दबे पांव चली आती है, वक्त लगता ही नहीं जिंदगी बदलने में, पर वक्त को बदलने में जिंदगी लग जाती है।” विजन डॉक्यूमेंट का उद्देश्य आजादी के 100 साल पूरे होने तक उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना है।

सुरेश खन्ना ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने आर्थिक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 29.87 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, और चालू वित्तीय वर्ष में इसे 35 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें पूर्वांचल और बुंदेलखंड में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं।

विजन-2047 के तहत प्रदेश को सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए योजनाओं में जीरो पॉवर्टी, निवेश के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य, विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्पेस टेक्नोलॉजी और आईटी हब शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, और पर्यावरण संरक्षण के लिए 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। नदियों के चैनलाइजेशन, सौर ऊर्जा पर शोध और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने की योजनाएं भी शामिल हैं। कृषि क्षेत्र में बेहतर बीज और नई तकनीकों के लिए अनुसंधान बढ़ाया जाएगा, ताकि किसानों को तकनीकी ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिले। कर चोरी रोकने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अन्य तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने, बच्चों में कर्तव्य-बोध और देशभक्ति की भावना प्रबल करने और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।

सपा सदस्यों ने किया हंगामा
सुरेश खन्ना के प्रस्ताव पेश करने से पहले सपा सदस्य पोस्टर लहराते हुए पुराने वादों के पूरा होने की मांग करने लगे। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि वर्ष 2022 के संकल्प पत्र के वादों की जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यह प्रदेश के भविष्य का मसला है और इस पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। सपा सदस्य संग्राम यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा रात के अंधेरे में खेल रही है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि चर्चा का समय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय किया गया था।

विपक्ष के आरोपों का खंडन
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विपक्ष के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वर्ष 2022 के लोक संकल्प पत्र के आधार पर ही जनता ने उन्हें चुना है। उनका कहना था कि विपक्ष का काम केवल अराजकता फैलाना है। यह देश की पहली विधानसभा है, जहां विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा हो रही है। सीएम योगी का लक्ष्य प्रदेश को उत्तम बनाना और लोगों के जीवन में सुधार लाना है।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की कमियों का हवाला देते हुए फर्जी एनकाउंटर और धार्मिक स्थलों के टूटने का आरोप लगाया, जिसे सुरेश खन्ना ने पूरी तरह खारिज किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here