इंदौर। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के खिलाफ एक महिला ने धोखाधड़ी, शोषण और शादी का झांसा देकर संबंध बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए शिकायत दर्ज कर ली है।

मूल रूप से इंदौर की रहने वाली रोहिणी घावरी ने पहले भी सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ इसी तरह के आरोप सोशल मीडिया और टीवी चैनलों के ज़रिए सार्वजनिक किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सांसद ने न केवल उनके साथ बल्कि कई अन्य लड़कियों के साथ भी भावनात्मक शोषण किया है।

शादीशुदा होने की बात छिपाने का आरोप

रोहिणी का दावा है कि चंद्रशेखर ने अपने वैवाहिक जीवन की सच्चाई उनसे और अन्य लड़कियों से छुपाई, जिससे वे धोखे में रहीं। उन्होंने कहा कि वह लगभग पांच वर्षों तक चंद्रशेखर के साथ रहीं, लेकिन इस दौरान उन्हें केवल उपयोग किया गया। रोहिणी ने खुद को 'विक्टिम नंबर 3' बताते हुए बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस मामले में शिकायत की है, जिसे दर्ज कर लिया गया है।

कई अन्य लड़कियों के शोषण का भी दावा

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि और भी कई महिलाएं हैं जिन्होंने चंद्रशेखर के खिलाफ शोषण के आरोप लगाए हैं, लेकिन उनकी बात को अब तक कोई नहीं सुन रहा। उन्होंने अपील की कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच की जाए और पीड़ितों को न्याय मिले।