चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक स्थित मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की 21 वर्षीय नव-निर्वाचित प्रधान प्रियंका नेगी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन कर जीत की शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि वे गांव के विकास कार्यों को मिलकर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने ग्रामवासियों को भी शानदार चुनाव के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गैरसैंण को मॉडल गांव के रूप में चुना गया है और जल्द ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गांव का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को सलाह दी कि गांव की महिलाओं को सशक्त बनाएं और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास करें। साथ ही उन्हें देहरादून आमंत्रित भी किया गया।
प्रियंका नेगी को मिली बड़ी जीत, 421 वोटों से निर्वाचित
सारकोट गांव की कमान अब जिले की सबसे युवा प्रधान प्रियंका नेगी के हाथों में है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को पराजित करते हुए 421 मत प्राप्त किए, जबकि विपक्षी प्रत्याशी को 235 वोट मिले। इससे पहले वर्ष 2014 से 2019 तक प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं। प्रियंका ने हाल ही में गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
सारकोट गांव, जो कि चमोली जिले के बड़े गांवों में शुमार होता है, वर्तमान में 300 से अधिक परिवारों का निवास स्थान है। यहां से पलायन न होने और सामाजिक सहभागिता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे आदर्श गांव घोषित किया था। सीएम धामी लगातार इस गांव को लेकर सक्रिय हैं और उनके निर्देश पर कई विकास योजनाएं यहां क्रियान्वित की जा रही हैं।
ग्राम प्रधान बनीं प्रियंका ने कहा कि वे गांव के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करेंगी। वहीं, उनके पिता और पूर्व प्रधान राजे सिंह नेगी ने आश्वस्त किया कि वे भी अपनी बेटी के साथ मिलकर गांव के समग्र विकास में सहयोग करेंगे।