हल्द्वानी हिंसा में बदायूं के युवक की भी हुई थी मौत, सिर में लगी थी गोली

उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए बवाल में बदायूं के सहसवान कस्बे के एक युवक की भी मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी थी। उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को उसके परिवार वालों ने शव को चुपचाप लाकर दफन कर दिया। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक सहसवान कस्बे के मोहल्ला दहलीज निवासी 22 वर्षीय आरिश हल्द्वानी में कबाड़ा खरीदने और बेचने का काम करता था। बृहस्पतिवार शाम को हल्द्वानी में अतिक्रमण तोड़ने के दौरान बड़ा बवाल हो गया था। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और एक थाने में आग लगा दी थी। 

हल्द्वानी शहर में हुआ था जमकर बवाल 
इसके बाद स्थिति बिगड़ती चली गई थी। मकानों-दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई। गोलीबारी की घटनाएं हुई। बवाल के बाद पूरे शहर में तनाव फैल गया था। स्थिति को देखते हुए कर्फ्यू लगाना पड़ा था। उत्तराखंड सरकार ने दंगाइयों को दिखते ही गोली मारने का आदेश जारी कर दिया था। बताया जा रहा है कि हिंसा में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों में सहसवान कस्बे का आरिश भी शामिल था। उसको सिर में गोली लगी थी। उसके साथी उसे हल्द्वानी से चुपचाप बरेली ले आए थे, जहां उसका एक निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, लेकिन उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 

परिवार वाले युवक के शव को सहसवान लेकर पहुंचे। शुक्रवार को चुपचाप उसके शव को दफन कर दिया गया। युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here