पौड़ी में आत्महत्या करने वाले युवक से जुड़े वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों के बाद भाजपा ने युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को तुरंत प्रभाव से पद से हटा दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि चमोली भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी थे और जैसे ही उनसे जुड़े विवाद की जानकारी पार्टी को मिली, उन्हें पद से मुक्त कर दिया गया। इसके साथ ही भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने पद से हटाए जाने का औपचारिक पत्र भी जारी किया। उन्होंने कहा कि यह चमोली का व्यक्तिगत मामला है और इसमें कानून अपना काम करेगा।
महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इसकी नीतियों, सिद्धांतों और शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाता। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश सरकार ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।