भाजपा का फोकस संगठन मजबूती पर, सितंबर में प्रशिक्षण वर्ग और पुनर्गठन पर मंथन

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक की। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान राज्य में संगठन और राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। शिव प्रकाश ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष जताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी।

इस अवसर पर पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों, आगामी कार्य योजनाओं और प्रदेश में संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर गहन चर्चा हुई। सितंबर में प्रस्तावित सांसदों और विधायकों के प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई, साथ ही जिला और प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में रणनीति पर मंथन किया गया।

इसके अलावा, प्रदेश में जारी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों के लिए रणनीति पर भी विचार हुआ। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क अभियानों की रफ्तार को और बढ़ाने पर जोर दिया गया, जिससे संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here