थानों के लेखक गांव में आयोजित स्पर्श हिमालय महोत्सव के तीसरे दिन योग, आध्यात्म, नाड़ी विज्ञान और पर्यटन पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस मौके पर योग और नाड़ी रोग विशेषज्ञों ने उपस्थित दर्शकों को स्वास्थ्य और नाड़ी विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।
मुख्य कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया।
विशेष सत्र में नाड़ी रोग विशेषज्ञ लक्ष्मी नारायण जोशी ने कहा कि शरीर में उत्पन्न रोगों की जड़ मस्तिष्क में होती है और रोगों के लक्षण शरीर द्वारा प्रकट होते हैं। उन्होंने बताया कि आजकल आहार-विहार और अनिद्रा के कारण रोगों की संख्या बढ़ रही है। इसके समाधान के लिए उन्होंने संयमित जीवनशैली अपनाने और अवचेतन मन को स्वच्छ रखने पर जोर दिया।
इस सत्र में कई अन्य विशेषज्ञों और वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और योग तथा आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला।