विपक्ष का हंगामा, सीएम धामी ने पेश किया 5315 करोड़ का अनुपूरक बजट

भराड़ीसैंण विधानसभा में मंगलवार से शुरू हुए चार दिवसीय मानसून सत्र के पहले ही दिन विपक्ष के जोरदार हंगामे से सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित रही। लगातार विरोध और नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5315 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा। इसके अलावा नौ विधेयक भी पेश किए गए। अंततः कार्यवाही को बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित करना पड़ा।

सात बार स्थगित हुई कार्यवाही
सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। विरोध इतना बढ़ा कि दिनभर में कार्यवाही सात बार स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने सचिव की टेबल पलटने की कोशिश की, माइक तोड़ दिया और कार्यसूची फाड़कर सदन में उछाल दी। कांग्रेस विधायक वेल में धरने पर भी बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष ने इस रवैये को बेहद दुखद बताते हुए नाराजगी जताई।

ये विधेयक रखे गए सदन में

  • उत्तराखंड विनियोग 2025-26 का अनुपूरक विधेयक
  • उत्तराखंड उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 संशोधन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025
  • समान नागरिक संहिता उत्तराखंड संशोधन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
  • उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025

दिवंगत विधायक को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यवाही के दौरान दिवंगत पूर्व विधायक मुन्नी देवी को श्रद्धांजलि भी दी गई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत और सौरभ बहुगुणा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

धामी बोले- विपक्ष ने उड़ाई कानून व्यवस्था की धज्जियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सदन में जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष ने हंगामा कर कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव सहित विभिन्न चुनावों में भाजपा की जीत से कांग्रेस निराश है और यही हताशा सदन में भी दिखी। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की परंपरा रही है कि हार के बाद वे कभी ईवीएम, तो कभी चुनाव आयोग और प्रशासन पर दोष मढ़ते हैं। उन्होंने दोहराया कि भाजपा राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार बहस से भागने वाली नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here