नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में करीब आधे घंटे तक रुककर ध्यान लगाया और शांत वातावरण में समय बिताया।

इस दौरान कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने उन्हें बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं की जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने मुख्य मंदिर के अलावा परिसर में स्थित अन्य देवालयों में भी पूजा की।

पूजा-अर्चना के समय उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।