चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में हिंदी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने बुधवार को इस संबंध में नियुक्ति आदेश जारी किया।

प्रो. लोहनी को शिक्षण क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनके नाम 12 पुस्तकें, 85 शोध पत्र और आलेख प्रकाशित हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 26 शोधार्थियों ने पीएचडी और 99 विद्यार्थियों ने एमफिल पूर्ण किया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके विभाग को दो बार उत्कृष्ट अध्ययन केंद्र योजना में शामिल किया जा चुका है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने हिंदी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे रविंद्रनाथ टैगोर चेयर (लौजान विश्वविद्यालय, स्विट्जरलैंड) और आईसीसीआर चेयर (शंघाई अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विश्वविद्यालय, चीन) जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर चुके हैं।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में उन्होंने कुलसचिव और नैक समन्वयक सहित कई प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ संभाली हैं। मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के पचार गांव निवासी प्रो. लोहनी ने हिंदी भाषा की वैश्विक उपस्थिति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 2009-10 में प्रवासी साहित्य पाठ्यक्रम की शुरुआत की थी।

उन्होंने स्थानीय भाषा और साहित्य के संरक्षण हेतु विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सहयोग से अनेक अनुसंधान परियोजनाएं संचालित कीं। कौरवी लोक साहित्य को स्नातक से लेकर पीएचडी स्तर तक पाठ्यक्रम में शामिल कराने का श्रेय भी उन्हें जाता है। प्रो. लोहनी विश्व हिंदी सम्मेलनों में भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में न्यूयॉर्क, जोहान्सबर्ग, भोपाल, मॉरिशस और फिजी जैसे स्थानों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।