हरिद्वार कांवड़ यात्रा में डीजे पर सख्ती, नहीं होगा कंपटीशन- सिर्फ भजन बजाने की अनुमति

हरिद्वार। सावन के पावन महीने में उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा जोरों पर है। देशभर से शिवभक्त गंगा जल लेने पहुंच रहे हैं। प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं, लेकिन इस बार यात्रा को शांतिपूर्ण और भक्तिपूर्ण बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने DJ इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

DJ कंपटीशन पर पूरी तरह प्रतिबंध

हर साल यात्रा के दौरान DJ की ऊंचाई और तेज आवाज के बीच कंपटीशन होते हैं, जिससे श्रद्धा का वातावरण बाधित होता है। इसे देखते हुए इस बार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि DJ प्रतियोगिता की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, कांवड़ यात्रा में उपयोग किए जा रहे DJ वाहनों की ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। रात 11 बजे के बाद DJ बजाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।

अब तक 90 DJ संचालकों को मिले नोटिस

हरिद्वार पुलिस ने अब तक 90 DJ मालिकों को नोटिस जारी किए हैं, जिन्होंने तय मानकों का उल्लंघन किया। पुलिस द्वारा ऐसे DJ वाहनों को बॉर्डर से ही लौटा दिया जा रहा है। UP और हरियाणा की पुलिस ने भी उत्तराखंड के इस निर्णय में सहयोग का भरोसा दिया है।

DJ पर केवल भजन की अनुमति

उत्तराखंड पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि DJ पर केवल धार्मिक भजन ही चलाए जाएं। किसी प्रकार का आपत्तिजनक, भड़काऊ या जातिगत गीत नहीं बजाया जाएगा। DJ की ध्वनि सीमा भी तय मानकों में रहनी अनिवार्य है।

बॉर्डर पर बन रहे ऊंचे DJ, पुलिस अलर्ट

DJ संचालक, जिनके वाहनों को बॉर्डर पर रोका गया है, अब वहीं पर DJ तैयार कर रहे हैं। गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, झारखंड, कोलकाता आदि से आए कई नामी DJ समूह हर साल कंपटीशन में हिस्सा लेते हैं, लेकिन इस बार उन्हें नियमों के तहत रहना होगा।

मुख्यमंत्री का सख्त संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं का स्वागत है, लेकिन धार्मिक यात्रा मर्यादा और नियमों के अनुरूप ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी की भक्ति किसी और के लिए परेशानी न बने। शासन का रुख साफ है – श्रद्धा में शोर नहीं, संयम और अनुशासन जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here