देहरादून पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। इनमें से एक महिला के पास फर्जी दस्तावेज पाए गए, जिनमें आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं, जिसके चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी महिला को अवैध रूप से रहने के कारण जल्द ही बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
गिरफ्तार महिला ने कोविड के दौरान अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश किया था और खुद को भूमि शर्मा के नाम से पेश किया। फर्जी दस्तावेजों की मदद से उसने देहरादून में एक स्थानीय हिंदू युवक से विवाह कर लिया था। पुलिस ने उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से रहने के गंभीर आरोप में मामला दर्ज किया है। दस्तावेज बनाने में मदद करने वालों की भी पुलिस जांच कर रही है।
दूसरी बांग्लादेशी महिला, जो 2023 में अवैध रूप से भारत आई थी, मजदूरी का काम कर रही थी। उसे सरकार के निर्देशानुसार जल्द ही बांग्लादेश भेजा जाएगा।
यह कार्रवाई ऑपरेशन कालनेमी के तहत की गई है। इससे पहले जनपद में अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जिनमें से 8 को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जेल भेजा गया था।