उत्तराखंड परिवहन निगम ने संविदा, आउटसोर्स और विशेष श्रेणी के चालकों व परिचालकों के महंगाई भत्ते में 4% की बढ़ोतरी की है। यह संशोधित दरें 1 मई से प्रभावी मानी जाएंगी।
परिवहन निगम के वित्त नियंत्रक आनंद सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निगम के निदेशक मंडल की 22वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि नियमित कर्मचारियों के अनुरूप संविदा, आउटसोर्स और विशेष श्रेणी के चालकों व परिचालकों को भी महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दिया जाएगा। नियमित कर्मचारियों के डीए में 20 मई को 4% की वृद्धि की गई थी, जिसके आधार पर अब इन श्रेणियों में भी संशोधन किया गया है।
महंगाई भत्ते में यह हुआ बदलाव:
वर्ग | पूर्व दर (प्रति किमी) | नई दर (प्रति किमी) |
---|---|---|
चालक (मैदानी) | ₹3.21 | ₹3.30 |
परिचालक (मैदानी) | ₹2.71 | ₹2.79 |
चालक (पर्वतीय) | ₹3.75 | ₹3.85 |
परिचालक (पर्वतीय) | ₹3.19 | ₹3.27 |
यूनियन ने बढ़ोतरी पर जताया आभार
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को परिवहन सचिव की अध्यक्षता में हुई वार्ता में परिचालकों के मानदेय में 8 पैसे तथा चालकों के मानदेय में 9 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। इससे कर्मचारियों को हर महीने लगभग ₹500 से ₹1200 तक का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
चौधरी ने परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत, प्रबंध निदेशक रीना जोशी और वित्त नियंत्रक आनंद सिंह का आभार प्रकट किया है।