मुख्तार के भाई अफजाल और गाजीपुर डीएम के बीच जोरदार बहस

गाजीपुर: बाहुबली मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) अब सुपुर्दे खाक हो चुका है। शनिवार को गाजीपुर के कब्रिस्तान में अंसारी को दफन कर दिया गया। इस दौरान नमाज के बाद जनाजे में हजारों की संख्या में समर्थक पहुंचे थे। कब्रिस्तान में अंदर जाने को लेकर भगदड़ की स्थिति बन गई। पुलिस, प्रशासन और खुद अंसारी परिवार के लोगों ने लोगों को समझाने और नियंत्रण में करने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान गाजीपुर की जिलाधिकारी और सांसद अफजाल अंसारी (Afzal Ansari) में जोरदार बहस हो गई। डीएम ने धारा 144 लगे होने का हवाला देते हुए सभी की वीडियोग्राफी कराए जाने और सबके ऐक्शन लिए जाने की चेतावनी दे दी।

दरअसल, मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजीपुर जिले के उनके पैतृक निवास युसूफपुर मोहम्मदाबाद के कालीबाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जनाजे में बहुत बड़ी संख्या में लोगों का सैलाब उमड़ आया। इस दौरान कई लोगों ने नारेबाजी भी की और कब्रिस्तान में घुसने को लेकर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी ने सख्त रुख अपनाया।

धारा 144 के बावजूद लोगों की भीड़ पर विवाद
डीएम की अफजाल से बहस हो गई। डीएम ने कहा कि धारा 144 लागू है और बिना परमिशन इतनी बड़ी संख्या में लोग कैसे आ गए? तो अफजाल बोले- जनाजे के बाद मिट्टी देने के लिए किसी परमिशन की जरूरत नहीं होती है। ये आपकी कृपा पर नहीं है। इस पर महिला अधिकारी ने जिलाधिकारी और निर्वाचन अधिकारी के पद की बात कही तो सांसद अंसारी बोले- आप कुछ भी हों। दुनिया में कहीं भी किसी की मिट्टी में जाने के लिए इजाजत नहीं ली जाती है।

डीएम बोलीं- सबकी वीडियोग्राफी हुई है
बहस के बीच डीएम ने कहा कि सबकी वीडियोग्राफी करवाई गई है और जो भी उल्लंघन में शामिल है, सबके खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा। हम बार-बार अनाउंस भी कर रहे थे कि आदर्श आचार संहिता है तो उसके अनुरूप सबको आचरण रखना चाहिए। जिसने भी उल्लंघन किया है उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here