विपक्ष की हालत रेत में सिर छिपाये शुतुरमुर्ग जैसी : स्वतंत्रदेव सिंह

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि विपक्षी दल योगी फोबिया से ग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस की हालत रेत में सिर छिपाये शुतुरमुर्ग जैसी है। उनको योगी सरकार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान सहित सभी क्षेत्रों में हुए सर्वांगीण विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस की जमीन उत्तर प्रदेश में खिसक गई है। सत्ता वापसी के इनके सपने बिखर गए हैं। इनका काम केवल भ्रामक, तथ्यहीन व बेबुनियाद प्रोपेगेंडा चलाकर जनता को सिर्फ और सिर्फ भ्रमित करना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अपराधियों की मसीहा समाजवादी पार्टी सरकार के विरोध में बोलने का हक खो चुकी है। सपा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ सिर्फ इस वजह से बोल रही है, क्योंकि उसके शासनकाल में पोषित और संरक्षित माफियाराज के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान छेड़ रखा है। योगी सरकार के पिछले साढ़े चार साल में माफियाओं और बदमाशों के कब्जे से छुडाई गई 1800 करोड़ से ज्यादा की सरकारी जमीन जब्त की गई।

उन्होंने कहा कि सपा को चिंता प्रदेश के गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और व्यापारी वर्ग की नहीं है। उसे चिंता उसके माफिया मित्रों के अवैध निर्माणों पर चल रहे सरकारी बुलडोजर की है। उन्होंने कहा कि सपा को नहीं भूलना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता उसे एक बार नहीं दो बार बुरी तरह से खारिज कर चुकी है।

राहुल और प्रियंका गांधी का नाम लिए बगैर स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि राजनीतिक पर्यटन पर प्रदेश में आने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि उत्तर प्रदेश के निवासी उन्हें तीन दशक पहले ही नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अपना घर नहीं बचा सके वे हताशा और निराशा में ओछी बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसा करने में वे कई बार तथ्यों से परे जाकर अपनी ही गरिमा खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता प्रियंका वाड्रा को शायद पता नहीं है कि पिछले साढ़े चार साल में योगी सरकार ने साढ़े चार लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां की और 30 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार से जोड़ा। सरकार ने 1.44 लाख करोड़ रूपये से ज्यादा गन्ना किसानों का भुगतान करवाया। प्रदेश में अपराधों में भारी कमी आई है। महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान और स्वावलंबन के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध है। यह बात प्रदेश की माताएं व बहनें बहुत अच्छी तरह से समझती हैं कि अगर उनके सम्मान की सुरक्षा कोई कर सकता है तो वह मात्र और मात्र योगी आदित्यनाथ की सरकार ही कर सकती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से विजयी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here