उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ताजमहल का दर्शन करने वाले लोगो को अब और ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अनलॉक-4 के तहत 21 सितंबर से स्मारकों को खोलने का फैसला जिला प्रशासन ने किया है। इसी कड़ी में 21 सितंबर से ताजमहल और आगरा किले को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले एक सितंबर से बाकी सभी स्मारक खुल चुके हैं। सोमवार को कोविड-19 कि समीक्षा करने के बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने ताजमहल और किला खोलने के आदेश जारी कर दिए। इस फैसले से पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि इन दोनों स्मारकों के खुलने से पर्यटन उद्योग अब आगे बढ़ेगा। जनता कर्फ्यू से कुछ दिन पहले ही आगरा में ताजमहल को बंद कर दिया गया था। यह पहला मौका है जब इन स्मारकों को इतने लंबे समय के लिए बंद रखा गया है।