यूपी: राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन, गुडगांव के मेदांता हॉस्पिटल में थे भर्ती

मुजफ्फरनगर। चरथावल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश के बाढ़ नियंत्रण एवं राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन हो गया। राज्यमंत्री कपिलदेव ने भी उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका लगभग दो हफ्तों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना का इलाज चल रहा था। वह पिछले करीब 3 सप्ताह से भी अधिक समय से कोरोना संक्रमण से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे।

पिछले महीने कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर उन्होंने कोविड टेस्ट करवाया था। पाजिटिव रिपोर्ट आने पर वह सहारनपुर के कस्बा ननौता स्थित अपने आवास पर ही होम आइसोलेट हो गए थे। बाद में हालत बिगडऩे पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात सवा दस बजे उनका निधन हो गया। राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप चरथावल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक थे। राज्यमंत्री विजय कश्यप ने पिछले दिनों जिला अस्पताल पहुंचकर कोरोना की वैक्सीन लगवाई थी।

विजय कश्यप भाजपा के टिकट पर चरथावल विधानसभा सीट से 2007 और 2012 में भी चुनाव लड़े थे, लेकिन वह पहली बार विधायक 2017 के चुनाव में भाजपा टिकट पर ही बने। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2019 में अपने मंत्रिमंडल विस्तार में विजय कश्यप को भी राजस्व राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया था। वह मुख्यमंत्री कार्यालय से संबद्ध राज्यमंत्री भी थे। कोरोना संक्रमण की दूसरी खतरनाक लहर में यूपी विधानसभा के इससे पहले चार विधायकों की कोरोना से मौत हो चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here