भोपा। आईटीआई और कस्तूरबा विद्यालय के निकट बस्ती में प्रशासन और पुलिस टीम ने दो मस्जिदों को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि ये मस्जिदें प्रशासन की अनुमति के बिना निर्माणाधीन थीं। अग्रिम आदेश तक मस्जिद में प्रवेश या सील हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नायब तहसीलदार बृजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थलीय निरीक्षण किया गया। खसरा एक प्लाट पर बेसमेंट बनाकर नई मस्जिद का निर्माण किया जा रहा था। बिना प्रशासनिक अनुमति के निर्माण को अवैध माना गया और नोटिस चस्पा कर मस्जिद को सील किया गया। इसी बस्ती में कुछ दूरी पर स्थित दूसरी मस्जिद पर भी पुलिस ने टेप लगाकर सीलिंग की।
मस्जिद पक्ष के अहसान अंसारी ने बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व सीकरी निवासी व्यक्ति ने मस्जिद निर्माण शुरू कराया था, लेकिन उनके निधन के बाद कार्य रुक गया। उन्होंने कहा कि अनुमति के लिए आवेदन भी किया गया है, लेकिन प्रक्रिया में काफी बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान मौके पर इकट्ठा हुई महिलाओं और ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ रोष प्रकट किया। राजस्व निरीक्षक सुनील शर्मा, लेखपाल अंकित कुमार, दीपक कुमार, मनोज कुमार सहित पुलिस टीम भी मौजूद थी।