दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के बड़कली कट के पास रोहाना क्षेत्र में एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बरेली के गांव गणेशपुर के रहने वाले चाचा भारत (23) और उनके एक साल के भतीजे विहान की मौत हो गई। हादसे में भारत की भाभी जयंती घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीरगंज तहसील के गांव गणेशपुर निवासी भारत अपनी भाभी जयंती और एक साल के भतीजे विहान के साथ यमुना नगर से अपने गांव लौट रहे थे। तीनों सुबह बाइक पर सवार होकर रक्षा बंधन मनाने के लिए निकले थे।
दोपहर के समय दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रोहाना क्षेत्र के बड़कली कट के पास पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला एक तरफ और चाचा-भतीजा दूसरी तरफ गिर गए। ट्रक ने चाचा और भतीजे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
भाभी जयंती गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतकों के शव मोर्चरी भेज दिए। घटना की जानकारी मिलने पर घायल महिला के पति मुकेश भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि ट्रक चालक और वाहन की खोज जारी है।