मुजफ्फरनगर। नई मंडी गौशाला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर 35 फुट ऊंचा गोवर्धन महाराज का भव्य विग्रह तैयार हो गया है। यह विशालकाय विग्रह श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और तीन दिवसीय गोवर्धन मेले में लाखों लोगों के दर्शन की संभावना जताई जा रही है।

इस विग्रह को बनाने में आठ टीमों ने आठ दिन मेहनत की। निर्माण में लगभग ढाई हजार ईंटें, एक ट्रॉली मिट्टी और गोबर का उपयोग किया गया। कलाकार पंकज शर्मा, जो पिछले 35 वर्षों से इस कला को जीवित रखे हुए हैं, ने बताया कि यह गोवर्धन महाराज का लेटा हुआ विग्रह है।

नई मंडी गौशाला में आयोजित होने वाले मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पुलिस प्रशासन ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति का भी प्रदर्शन करेगा। श्रद्धालु गोवर्धन महाराज के दर्शन के साथ-साथ मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकेंगे।