मुजफ्फरनगर। सामाजिक न्याय क्रांति मोर्चा की पहल पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अति पिछड़ा और महादलित समाज के अधिकारों के लिए आंदोलन शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेन्द्र कश्यप ने राजनीतिक दलों पर इन समाजों की भावनाओं का दोहन करने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि अति पिछड़ा और महादलित समाज की राजनीतिक पार्टी बनाई जा रही है और इसका झंडा पर्पल रंग का होगा।

सभा को संबोधित करते हुए कश्यप ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा, बसपा और सपा जैसी पार्टियों ने हमेशा इन समाजों की वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन उनके अधिकारों की अनदेखी की। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 में सत्ता में आने के बाद अति पिछड़ा और महादलित समाज को राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।

सभा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। वहीं, प्रशासन ने बिना अनुमति सभा होने के कारण सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ के नेतृत्व में मोर्चा से टेंट हटाने की चेतावनी दी। इस पर कश्यप ने कहा कि यह आंदोलन उनके अधिकारों की लड़ाई है और बिना टेंट के भी जारी रहेगा।