मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर को नगर निगम में बदलने की योजना एक बार फिर से रफ्तार पकड़ती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार, यह प्रक्रिया वर्ष 2026 में संभावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरी की जा सकती है। संबंधित विभागीय तैयारियां महाशिवरात्रि के बाद प्रारंभ होने की उम्मीद है, हालांकि शासन स्तर पर अभी यह प्रस्ताव विचाराधीन है।

चार साल पहले भी हुई थी कोशिश
साल 2022 में नगर पालिका क्षेत्र में 11 आसपास की ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। उस समय नगर निगम का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, लेकिन वह प्रक्रिया अधूरी रह गई थी। अब दोबारा इस दिशा में गंभीरता दिखाई जा रही है।

तेजी से बढ़ता शहर, सीमित सुविधाएं
मुज़फ्फरनगर में तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है। चारों ओर नई रिहायशी कॉलोनियां बस रही हैं, परंतु कई क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं—जैसे सड़क, सफाई, बिजली और पानी—आज भी अपर्याप्त हैं। नगर पालिका में विलय की गई ग्राम सभाओं में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है।

नगर निगम के दायरे में आने वाले ग्राम क्षेत्र
सरवट, कूकड़ा, सूजडू, अलमासपुर, सहावली, मंधेड़ा, मीरापुर, वहलना, बीबीपुर और शाहबुद्दीनपुर जैसे क्षेत्र पहले ही नगर पालिका में जोड़े जा चुके हैं।

स्मार्ट सिटी के लिए GIS सर्वे
नगर पालिका प्रशासन अब शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए GIS आधारित सर्वे की तैयारी कर रहा है। इसके तहत शहर के भौगोलिक क्षेत्र और संसाधनों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। पहले चरण में स्मार्ट लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम समेत छह प्रोजेक्टों पर काम शुरू किया जाएगा। एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी प्रस्तावित है, जिसकी निगरानी लखनऊ की तर्ज पर होगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की प्रतिक्रिया

कपिलदेव अग्रवाल, राज्य मंत्री, कौशल विकास:
"नगर निगम का मामला पहले भी उठ चुका है। अब हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द इसे अंतिम रूप दिया जाए ताकि शहरी विकास को नई दिशा मिले।"

मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन, नगर पालिका:
"नगर निगम की दिशा में जो भी सरकारी प्रक्रियाएं निर्धारित की जाएंगी, हम उन्हें पूरा सहयोग देंगे। सीमा विस्तार के बाद जरूरत है कि विकास की रफ्तार भी उसी अनुरूप हो।"

डॉ. प्रज्ञा सिंह, अधिशासी अधिकारी:
"शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार को लेकर नगर पालिका पूरी तरह तत्पर है। स्मार्ट सिटी के प्रस्ताव पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नगर निगम की योजना को लेकर भी प्रशासन पूरी जिम्मेदारी से सहयोग करेगा।"