मुजफ्फरनगर। मोरना ब्लॉक के बेहड़ा सादात में बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना ककरौली क्षेत्र में हुई। महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बेहड़ा सादात निवासी बाला पत्नी सुंदर बाल्मीकि के रूप में हुई है। बाला घरों से कूड़ा-कचरा उठाने का काम करती थीं। बताया जा रहा है कि वह कूड़ा फेंकने जा रही थीं, तभी मोरना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस और केंद्रीय एंबुलेंस सेवा की रोड सेफ्टी टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को तुरंत भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने बाला को मृत घोषित कर दिया।

महिला की अचानक हुई मौत से उसके परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।