राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने जिले के केंद्रीय कारागार में महिला बैरक का दौरा किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जेल में उपलब्ध सुविधाओं जैसे कि विधिक सहायता, न्यायिक मामलों की पैरवी, भोजन व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
इसके साथ ही उन्होंने महिला बैरक में संचालित रसोईघर, क्रेच और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के अंत में उन्होंने जेल में बंद महिलाओं के साथ रह रहे बच्चों को उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी के साथ प्रभारी जेल राजेश कुमार सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. रंजीत कुमार, डिप्टी जेलर दीपक कुमार और हेमराज सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।