मुज़फ्फरनगर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को शुकतीर्थ स्थित गंगा घाट पर कारगिल शहीद स्मारक पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व सैनिकों, भाजपा पदाधिकारियों, साधु-संतों और गणमान्य नागरिकों ने वीरगति को प्राप्त सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ उनके बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम की अगुवाई पूर्व सैनिकों की राष्ट्रीय संस्था के जिलाध्यक्ष सूबेदार अशोक सिंह ने की। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए जिले के वीर सपूत अमरेशपाल और मेजर आसाराम के परिजनों को सम्मानित कर उनकी वीरता को सलाम किया गया। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत शुक्रताल में भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

संस्था के प्रबंधक मांगेराम फौजी ने कारगिल युद्ध के पराक्रम को स्मरण करते हुए कहा कि दुर्गम पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सेना की कायराना हरकतों के खिलाफ हमारे सैनिकों ने अतुलनीय साहस दिखाते हुए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। इस गौरवशाली विजय में 537 वीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनके सम्मान में यह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज ने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं हो सकता।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से शुक्रताल चौकी प्रभारी रणवीर सिंह, कैप्टन राजेंद्र सिंह, हवलदार सुधीश कुमार, स्वामी भजनानंद महाराज, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र राठी, प्रदेश सचिव परमेन्द्र सिंह, बिन्नू राठी, गुड्डू फौजी, सुनील कुमार, बृजवीर सिंह, राजकुमार, जयपाल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।