मुजफ्फरनगर। कृष्णांचल पेपर मिल में गर्म पानी की पाइप लाइन फटने से घायल हुए चार मजदूरों में से चंद्रभान गुप्ता की शुक्रवार को मेरठ के सुभारती अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना पिछले शनिवार रात सिखेड़ा के जौली रोड स्थित पेपर मिल में हुई थी। पाइप फटने से चार मजदूर – शेषराज (कादीपुर), चंद्रभान गुप्ता (भगवानपुरी, सिखरेड़ा), सचिन पाल (रहकड़ा) और सचिन नायक (रौरैया) – झुलस गए थे। अफरातफरी के बीच मिल अधिकारियों ने उन्हें तुरंत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया था। गंभीर स्थिति में चंद्रभान को मेरठ के सुभारती अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनका इलाज के दौरान निधन हो गया।