शाहपुर। ग्राम गोयला में श्रावणी मास के तहत चल रहे "हर घर यज्ञ" एवं वेद प्रचार कार्यक्रम का रविवार को यज्ञ की पूर्ण आहुति के साथ भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर यज्ञ के पुरोहित ओमवीर सिंह आर्य (दुधली) रहे, जबकि वेदपाठ गुरुकुल से आईं आर्य बालिकाओं ने किया। बाहर से आए आचार्यों और उपदेशकों ने मधुर भजनों एवं प्रेरणादायी प्रवचनों से कार्यक्रम को धार्मिक और आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
समारोह में महिला आर्य समाज का गठन भी किया गया, जिसकी प्रधान श्रीमती शिक्षा देवी बनीं। कार्यक्रम में उपस्थित आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला प्रधान मुकेश आर्य ने कहा कि सत्य को अपनाकर और वेदों का अध्ययन करके समाज में ढोंग-ढकोसलों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा, "आर्य समाज में पाप, झूठ और असत्य का कोई स्थान नहीं है। भारतीय परिधान धोती-कुर्ता और कुर्ता-पायजामा श्रेष्ठ हैं, जबकि जींस-टीशर्ट हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं।" उन्होंने सभी से घरों में दैनिक या साप्ताहिक यज्ञ करने और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया।
हरियाणा से आए आचार्य यशवीर सिंह ने कहा कि यज्ञों की परंपरा कम होने से देश में पतन हो रहा है। आचार्य धनकुमार आर्य वेदालंकार ने बताया कि यज्ञ सर्वोत्तम कर्म है और वेद संपूर्ण मानवता के लिए हैं।
पत्रकार डॉ. अनुज अग्रवाल ने कहा कि वेदों का अध्ययन और सत्य का पालन प्रत्येक आर्य का कर्तव्य है। विज्ञान भी वेदों में निहित है। उन्होंने चेताया कि गलत संगति में पड़कर युवा पीढ़ी पथभ्रष्ट हो रही है, इसलिए बच्चों को आर्य समाज से जोड़ना आवश्यक है।
भजनोपदेशक सहदेव सिंह बेधड़क और भजनोपदेशिका सुकीर्ति आर्या ने अपनी मधुर आवाज से माहौल को भावपूर्ण बना दिया। ग्राम प्रधान धर्मपाल सिंह ने मुकेश आर्य, डॉ. अनुज अग्रवाल और पत्रकार भाग्य शर्मा का पटका पहनाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान मुकेश आर्य ने सभी ग्रामवासियों, अतिथियों, पुरोहितों, आर्य समाज पदाधिकारियों और यज्ञमानों का आभार व्यक्त किया और आर्य निर्मात्री सभा का दो दिवसीय शिविर आयोजित करने की घोषणा की।
इस मौके पर राज सिंह आर्य (प्रधान, आर्य समाज गोयला), हरवीर सिंह आर्य, मास्टर जितेंद्र सिंह आर्य, सहस्रपाल आर्य, रिटायर्ड एसआई राजेंद्र सिंह, जयप्रकाश मंत्री, जयपाल सिंह आर्य, सुरेंद्र सिंह आर्य, मास्टर धीर सिंह आर्य, प्रकाश चंद आर्य, ब्रजवीर सिंह आर्य, अनुज कुमार बालियान (चंडीगढ़ पुलिस), सुनील आर्य, मास्टर सतेंद्र, पुष्पेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।