कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को पंजाब के मोगा से ‘खेती बचाओ यात्रा’ और ट्रैक्टर रैली शुरू की। राहुल ने कहा, ‘सत्ता में आते ही हम तीनों काले कृषि कानून रद्द कर देंगे। न्यूनतम समर्थन मूल्य, सरकारी खरीद व मंडी कृषि क्षेत्र के अहम स्तंभ हैं। मैं ये नहीं कहता कि मौजूदा सिस्टम में कमी नहीं, कमी है, मगर उसे नष्ट करने के बजाय ठीक करना चाहिए। अगर सिस्टम ही खत्म कर दिया तो किसान नहीं बचेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी यह व्यवस्था ध्वस्त करना चाहते हैं।
मोदी अंबानी व अडानी के हाथ की कठपुतली हैंं। मोदी ने उद्योगपतियों का टैक्स माफ कर दिया है, लेकिन किसान का कर्ज नहीं।’ राहुल की यात्रा 6 अक्टूबर को हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके लिए दिल्ली में कांग्रेस ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रूट चार्ज तैयार किया। इसके अनुसार, ट्रैक्टर रैली देवीगढ़ बॉर्डर से एंट्री करेगी।
उनकी तीन रैलियां होंगी। पहली रैली 6 अक्टूबर को पिहोवा में होगी। यहां से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। रात को यहीं ठहरेंगे। 7 अक्टूबर को सुबह पिपली मंडी में रैली कर नीलोखेड़ी मंडी होकर करनाल पहुंचेंगे। यहां की मंडी में भी रैली होगी। करनाल में ही यात्रा संपन्न होगी। वहीं, गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब से हुड़दंगियों को लेकर आएंगे तो प्रवेश नहीं करने देंगे।