हिसार,अनिता कुंडू ने खतरनाक चोटी रुदूगैरा को किया फतेह

  • 28 सितंबर को सुबह 5 बजे शुरू की थी चढ़ाई, 3 अक्टूबर को सुबह साढ़े 10 बजे मिशन पूरा किया

पर्वतारोही अनीता कुंडू ने उत्तराखंड स्थित रुदुगैरा को 3 अक्टूबर को सुबह साढ़े दस बजे फतेह कर दिया। उनका ये अभियान प्रधानमंत्री और खेल मंत्री द्वारा चलाए फीट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देने के लिए था। अनीता ने हर कदम पर विपरीत हालात का सामना करते हुए इस अभियान को पूरा किया।

उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थिति में हाैसला बनाए रखा और शिखर को छू लिया। अनीता ने 28 सितंबर को सुबह 5 बजे गंगोत्री से चढ़ाई शुरू की थी। अनीता पूरे देश भर से 25 पर्वतारोहियों के एक दल का नेतृत्व कर रही थी। अनीता ने सेटेलाइट फोन के माध्यम से बताया कि बहुत खतरनाक रास्तों से होते हुए उन्होंने छह दिन में इस अभियान को सफल बनाया है।

कई जगह भयभीत करने वाली थी, पर मैंने अपने कदमों को जमाए रखा और आखिर तीन अक्टूबर को सुबह शिखर पर तिरंगा लहराने में कामयाब रहीं। मेरी इस कामयाबी में मेरी मां और मेरे ताऊ का बहुत बड़ा योगदान है। मेरी मां ने विपरीत परिस्थितियों में भी मुझ पर विश्वास किया और मेरे ताऊ ने हमेशा पढ़ने और खेलने के लिए प्रोत्साहन दिया।

उपलब्धियां: 2018 में सातों महाद्वीपों की चोटियों की चढ़ाई शुरू की

अनीता ने 2009 में पर्वतारोहण के बेसिक, एडवांस के साथ सभी कोर्स पास किए। सतोपंथ, कोकस्टेट आदि हिंदुस्तान की कई चोटियों को फतेह किया। 18 मई 2013 को नेपाल के रास्ते माउंट एवरेस्ट फतेह किया। 2017 में चीन के रास्ते से माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई कर एवरेस्ट फतेह किया। इसके साथ ही उन्हें नेपाल और चीन दोनों ही रास्तों से माउंट एवरेस्ट को फतेह करने वाली हिंदुस्तान की इकलौती बेटी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

2018 में उन्होंने पूरी दुनिया के सातों महाद्वीपों की चढ़ाई शुरू की। उन्होंने एशिया की माउंट एवरेस्ट, अफ्रीका की किलिमंजारो, यूरोप की एलबुर्स, अंटार्कटिका की विनसन मासिफ, दक्षिणी अमेरिका की अकांकागुवा, ऑस्ट्रेलिया की कारस्टेन्स पिरामिड शिखर फतेह की। उन्होंने 27 सितम्बर 2019 को माउंट एवरेस्ट के बराबर की ही ऊंचाई की चोटी माउंट मनासलू को फतेह किया।

कई अवॉर्ड हासिल कर चुकीं अनीता कुंडू

गौरतलब रहे कि अनीता कुण्डू के सभी अभियानों का खर्च राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा की विशाल कम्पनी एसआईएस उठाती है। सिन्हा ने अनीता को अपनी बेटी के रूप में अडॉप्ट किया हुआ है। भारत सरकार ने हाल ही में राष्ट्रपति ने अनीता को तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड दिया। हरियाणा सरकार ने नारी शक्ति पुरुस्कार, कल्पना चावला अवॅार्ड, सर्वोत्तम महिला पुलिस अवॉर्ड से भी अनीता को सम्मानित किया गया है। सैकड़ों संस्थाएं, समूह, संगठन सम्मानित कर चुके हैं। कई संस्थाओं आदि ने ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here