‘हमने सेना को आत्मनिर्भर बनाया’, दमोह में बोले पीएम नरेंद्र मोदी

मध्य प्रदेश के दमोह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये भारत को दुनिया की बड़ी ताकत बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध का माहौल हो तो भारत में युद्ध स्तर पर काम करने वाली सरकार बहुत जरूरी है। ऐसे समय में एक मजबूत सरकार होनी चाहिए और यह काम पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार कैसे देश और देशवासियों के हित में काम करती है, ये हमने बीते 10 वर्षों में देखा है। कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, पूरी दुनिया में हाहाकार मचा। मजबूत भाजपा सरकार पूरी दुनिया से हर भारतीय को सुरक्षित वापस ले आई।

पीएम ने कहा कि आज देश में वो भाजपा सरकार है, जो ना किसी से दबती है और न किसी के सामने झुकती है। हमारा सिद्धांत है – राष्ट्र प्रथम। भारत को सस्ता तेल मिले, इसलिए हमने देशहित में फैसला लिया। भारत के किसानों को पर्याप्त खाद मिले, इसलिए हमने देशहित में फैसला लिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कितने ही देशों की स्थिति बहुत खराब है। कई देश दिवालिया हो रहे हैं। हमारा एक पड़ोसी, जो आतंक का सप्लायर था, वो अब आटे की सप्लाई के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा कि ये धरती शूरवीरों और योद्धाओं की धरती है। मैं इस धरती के लोगों को INDI गठबंधन की सच्चाई बताना चाहता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक, कांग्रेस ने भारत के डिफेंस सेक्टर को कमजोर बनाए रखा। ये लोग सेनाओं के लिए हथियार खरीदने में भी अपना स्वार्थ देखते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कैसे इन लोगों ने पूरी ताकत लगा दी कि वायुसेना को राफेल लड़ाकू विमान न मिल पाए। कांग्रेस की सरकार रही होती तो तेजस फाइटर प्लेन भी आसमान की बुलंदियां नहीं देख पाता। मोदी ने कहा कि ये भाजपा सरकार है जो हमारी सेनाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। भारत की पहचान अब दूसरे देशों को हथियार निर्यात करने वाले देश की बन रही है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर परिवार के लिए राशन और इलाज का खर्च मायने रखता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मोदी ने आने वाले 5 वर्ष तक मुफ्त राशन की सुविधा बढ़ा दी है। ये मुफ्त राशन इसलिए, ताकि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे। आयुष्मान योजना ने भी गरीबों के लाखों रुपये खर्च होने से बचाएं हैं। अब मोदी ने गारंटी दी ही कि अब गरीबों के साथ साथ हमारे देश का कोई भी व्यक्ति जो 70 साल से ऊपर का है, ऐसे बुजुर्गों को भी मुफ्त इलाज की योजना का लाभ मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here