क्या कांग्रेस सिद्धू के खिलाफ अमरिंदर के अत्यधिक गंभीर आरोप का संज्ञान लेगी : भाजपा

नयी दिल्ली। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के राष्ट्रविरोधी होने संबंधी राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के आरोपों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि अमरिंदर ने जो मुद्दा उठाया है, उससे देश जूझ रहा है तथा कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या वह आरोपों का संज्ञान लेगी और कार्रवाई करेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने अमरिंदर के आरोपों को ‘‘अत्यधिक गंभीर’’ बताया और सवाल किया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा इसके दो अन्य मुख्य नेताओं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने चुप्पी क्यों साध रखी है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री द्वारा पार्टी के प्रदेश प्रमुख के खिलाफ इस तरह के अत्यधिक गंभीर आरोप लगाए गए हैं और कांग्रेस चुप है। इसका क्या मतलब है? हम मांग करते हैं कि कांग्रेस को बोलना चाहिए और अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।’’

जावड़ेकर ने कहा, ‘‘हम पूछना चाहते हैं कि क्या कांग्रेस इस तरह के गंभीर आरोपों का संज्ञान लेगी और कार्रवाई करेगी। ’’

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद सिंह ने शनिवार को सिद्धू पर प्रहार करते हुए उन्हें ‘‘राष्ट्र विरोधी’’ और ‘‘खतरनाक’’ करार दिया था।

पड़ोसी देश की यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के बारे में सिद्धू द्वारा की गई सराहना और उनके द्वारा पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा को गले लगाए जाने के संदर्भ में अमरिंदर ने यह बात कही थी।

जावड़ेकर ने कहा कि देश ने इसे देखा है और इस मुद्दे से जूझ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here