उत्तराखंड चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा किया मतदान

उत्तराखंड की मातृशक्ति ने मतदान करने में पूरा उत्साह दिखाया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार  राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही। पुरुष मतदाताओं की संख्या 4.60 प्रतिशत थी। आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 65.37 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें महिलाओं ने 67.20 प्रतिशत मतदान किया। जबकि पुरुषों ने 62.60 प्रतिशत मतदान किया। 

मतदान में कुल 81,72,173 सामान्य और 94,471 सेवा मतदाता थे। सामान्य मतदाताओं में से कुल 53,42,462 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जो कुल मतदाताओं का 65.37 प्रतिशत है। साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में इस साल 0.19 फीसदी कम मतदान हुआ। साल 2017 में 65.56 फीसदी मतदान हुआ था, तब महिलाओं का मतदान प्रतिशत 68.72 और पुरुषों का 61.11 फीसदी था।

चमोली : कम रही महिला मतदाताओं की संख्या, फिर भी पुरुषों से रहीं आगे 
विधानसभा चुनाव में चमोली जिले की तीनों विधानसभाओं में महिला मतदाताओं ने खुलकर मतदान किया। तीनों विधानसभाओं में महिला मतदाता पुरुषों के मुकाबले काफी आगे रहीं। चमोली जिले की तीनों विधानसभाओं में महिला मतदाता संख्या में पुरुष मतदाताओं से कम हैं, लेकिन मतदान में महिलाओं में पुरुषों के मुकाबले अधिक उत्साह दिखाया।

महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले 10.73 प्रतिशत अधिक मतदान किया। बदरीनाथ विधानसभा के 102928 मतदाताओं में महिला 49499 और पुरुष 52626 मतदाता थे, जिसमें महिलाओं का मतदान प्रतिशत 67.9 और पुरुषों का प्रतिशत 60.6 रहा। थराली के 102707 मतदाताओं में महिला 49840 और पुरुष 52867 थे, यहां पर महिलाओं का मत प्रतिशत 65.3 और पुरुषों का 53.9 रहा।

कर्णप्रयाग में 93880 में से 46822 महिला और 47058 पुरुष मतदाता थे। यहां महिलाओं का मत प्रतिशत 67 और पुरुषों का मत प्रतिशत 53.5 रहा। पूरे जिले में 56 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया, जबकि 66.73 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। जिले का कुल मतदान प्रतिशत 61.37 रहा। 

महिलाओं की बदौलत मतदान में अव्वल रहा उत्तरकाशी

जनपद उत्तरकाशी में महिलाओं की बदौलत मतदान के मामले में अव्वल रहा है। यहां गंगोत्री व यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्रों में 71 फीसदी महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं पुरोला विधानसभा सीट पर 67.46 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। पिछले चुनावों में भी महिलाएं मतदान करने में आगे रही थीं।

उत्तरकाशी जनपद सभी पहाड़ी जिलों में मतदान प्रतिशत के मामले में अव्वल रहा। यहां करीब 68 फीसदी मतदान हुआ है। जनपद की तीनों गंगोत्री, यमुनोत्री व पुरोला विधानसभा क्षेत्रो में जमकर मतदान हुआ है। गंगोत्री विधान सभा क्षेत्र में 71 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। जबकि मतदान करने के मामले में पुरुष 62 फीसदी का आंकड़ा ही छू पाए।

केदारनाथ और रुद्रप्रयाग में 56 फीसदी महिलाओं ने डाले वोट
विधानसभा चुनाव में जिले में कुल मतदान 62.13 फीसदी मतदान हुआ, जिसमें केदारनाथ विस क्षेत्र में 65.03 और रुद्रप्रयाग में 59.24 फीसदी रहा। जिले में इस बार भी मतदान में महिलाएं अव्वल रहीं। दोनों विधानसभा के 80 फीसदी बूथों पर महिला मतदाताओं ने अपनी बढ़त बनाए रखी।

जिले में सबसे अधिक केदारनाथ विस के चौमासी पोलिंग बूथ पर 91.75 और सबसे कम चिलौंड बूथ पर .43 फीसदी (एक वोट) मतदान हुआ। लगभग ढाई लाख की आबादी वाले रुद्रप्रयाग जिले में 52 फीसदी आधी आबादी है। इस विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष अधिक है। जिले में कुल 1,93504 मतदाता थे, जिसमें 1,19832 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 62.13 फीसदी रहा।

दूरस्थ गांवों में भी अव्वल रहीं

इस विस चुनाव में दोनों विस सीटों पर महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं को मतदान में काफी पीछे छोड़ दिया। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुल पंजीकृत 89829 मतदाताओं में 44125 पुरुष व 45704 महिलाएं थीं। यहां 58417 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 26602 पुरुष और 31815 महिला मतदाता शामिल हैं।

यहां महिलाओं का मत प्रतिशत 54.46 व पुरुषों का मत प्रतिशत 45.53 रहा। रुद्रप्रयाग विधानसभा में भी महिलाएं मतदान करने में अव्वल रहीं। यहां पंजीकृत कुल 103675 मतदाताओं में 51607 पुरुष व 52068 महिलाएं थीं। यहां कुल 61415 मतदाताओं ने वोट दिया, जिसमें 26017 पुरुष और 35398 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं का मत प्रतिशत 57.63 फीसदी रहा। रुद्रप्रयाग विस के 188 बूथों पर ज्यादातर पर महिला मतदाताओं ने अपनी बढ़त बनाई।

रुद्रप्रयाग के बच्छणस्यूं पट्टी के पोलिंग बूथों में अधिकांश पर महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट श्रीकांत नौटियाल ने बताया कि नवासू, गहड़खाल, पौड़ीखाल, कांडई, टैठी, स्यूंणी, कमोल्ड़ी और पाटा पोलिंग बूथ पर कुल 4199 मतदाता थे, जिसमें 2338 महिलाएं व 1861 पुरुष थे। यहां 1330 महिलाओं (55.67) और 1059 पुरुष (44.32) ने वोट दिया। जबकि आठ बूथों पर कुल मतदान 56.89 फीसदी रहा। संवाद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here